दिल्ली: न्यूजीलैंड की 32 वर्षीय महिला ऑलराउंडर हेले जेनसन ने शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी. उन्होंने 2014 में वाइट फर्न्स के लिए डेब्यू किया था और इसी के साथ उनके 11 साल के शानदार करियर का अंत हो गया. जेनसन ने वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट्स में अपनी उपयोगिता साबित करते हुए एक भरोसेमंद हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाई.
हेले ने अपने करियर में कुल 88 मैच खेले और 76 विकेट चटकाए. वह एक मिडल ऑर्डर बैटर और मीडियम पेस गेंदबाज़ के रूप में जानी जाती थीं. एक भावुक बयान में जेनसन ने कहा, “जब मैं 10 साल की थी और अपना पहला क्रिकेट टूर्नामेंट खेला था, तभी तय कर लिया था कि वाइट फर्न्स की जर्सी पहननी है. वह सपना जीना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा.”
उन्होंने आगे कहा, “इस सफर ने मुझे जुझारूपन सिखाया, जीवनभर के रिश्ते दिए और कुछ बड़ा करने का मौका दिया. इस खेल को छोड़ना मुश्किल है, लेकिन मुझे पता है कि अब समय आ गया है.”
हेले जेन्सन ने 2020 के टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ 3 विकेट लेकर उन्होंने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता था. इसके दो साल बाद, 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल मैच में (3-24) घातक गेंदबाज़ी की और न्यूजीलैंड को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई. जेनसन ने चार टी20 वर्ल्ड कप (2014–2023) में हिस्सा लिया और 2022 के वनडे वर्ल्ड कप स्क्वाड में भी शामिल रहीं.