‘मैं दो लीग चाहता हूं’, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियन पर दिया बड़ा बयान

दिल्ली: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने टेस्ट क्रिकेट के लिए दो-स्तरीय संरचना (टू-टियर सिस्टम) का समर्थन किया है. उन्होंने मौजूदा आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पर बयान देते हुए कहा है कि इसमें सुधार होना चाहिए.

इंग्लैंड और ज़िम्बाब्वे के बीच एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन बीबीसी स्पोर्ट से बात करते हुए वॉन ने कहा, “अगर आप देखें कि दक्षिण अफ्रीका ने कितने टेस्ट खेले हैं और तुलना करें ऑस्ट्रेलिया, भारत या इंग्लैंड से, तो यह आम क्रिकेट फैन के लिए बहुत भ्रमित करने वाला है. यह समझना मुश्किल होता है कि कौन सी टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ है और कौन सी दो टीमें फाइनल में कैसे पहुंचती हैं. मैं चाहूंगा कि सब कुछ अधिक स्पष्ट हो. मैं दो लीग चाहता हूं.”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट को एक मजबूत कहानी की ज़रूरत है. फिलहाल, यह बहुत कन्फ्यूज़ करने वाला है और आम लोगों के लिए इसे समझना कठिन है.”

The Age की रिपोर्ट के अनुसार, ICC एक दो-डिवीजन प्रणाली पर सक्रिय रूप से विचार कर रही है, जिसमें टेस्ट खेलने वाले देशों को दो स्तरों में बांटा जाएगा. शीर्ष स्तर में भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी टीमें शामिल होंगी, जबकि दूसरा स्तर वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, आयरलैंड और जिम्बाब्वे जैसी टीमों का होगा.

यह प्रस्ताव 2027 में मौजूदा फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) चक्र के बाद लागू किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि ICC अध्यक्ष जय शाह ने इस प्रस्ताव पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के साथ चर्चा की है.

Leave a Comment