इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए शमी को नहीं मिलेगी भारतीय टीम में जगह, सामने आई बड़ी जानकारी

दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी के इंग्लैंड के आगामी दौरे से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है. शमी, जो फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए खेल रहे हैं, हाल ही में टखने की चोट से उबरकर क्रिकेट में लौटे हैं. इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, चयनकर्ताओं का मानना है कि शमी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और इंग्लैंड में टेस्ट मैचों के दौरान लंबे स्पेल फेंकने की स्थिति में नहीं हैं.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम ने बोर्ड को सूचित किया है कि शमी का मौजूदा वर्कलोड यह भरोसा नहीं दिलाता कि वह रेड-बॉल क्रिकेट के लिए शारीरिक रूप से तैयार हैं. रिपोर्ट में बोर्ड के एक सूत्र ने कहा, “शमी आईपीएल में सिर्फ चार ओवर डाल रहे हैं, लेकिन बोर्ड और चयनकर्ता यह नहीं जानते कि क्या वह एक दिन में 10 ओवर से ज़्यादा गेंदबाज़ी कर सकते हैं. इंग्लैंड में टेस्ट मैचों में तेज़ गेंदबाज़ों को लंबे स्पेल डालने होते हैं, और हम जोखिम नहीं उठा सकते.”

शमी के पास अच्छा अनुभव है और उनकी अनुपस्थिति भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है. खासकर इंग्लैंड जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में, जहां तेज़ गेंदबाज़ों की भूमिका अहम होती है.

भारतीय टेस्ट टीम का एलान जल्द

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की टेस्ट टीम का एलान इस सप्ताह किया जा सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी जा सकती है. अब देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता किन खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हैं और किन्हें टीम से बाहर रखा जाता है.

Leave a Comment